राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में बर्थडे मनाने जा रहे 5 लड़कों की कार का एक्सीडेंट हो गया। शनिवार रात उनकी गाड़ी टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर पुलिया से टकरा गई। हादसे में 3 दोस्तों की जान चली गई। दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मामला सोमनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।
जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, कार सवार युवक भिलाई से राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। वे अपने दोस्त अभिषेक सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए ढाबे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान टेडेसरा बस्ती के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकरा गई।
हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां रविवार को उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। कार पुलिया से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सीएसपी ने बताया कि सभी युवक अभिषेक सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में जा रहे थे। सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




