बलरामपुर। बलरामपुर जिले में एक खौफनाक हत्याकांड का मामला सामने आया है। दो दिन से लापता युवक का पहले जंगल में कटा हुआ सिर मिला और फिर पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने सनसनी मचा दी। पुलिस के मुताबिक, युवक को उसकी प्रेमिका ने मिलने के बहाने बुलाया था, जहां उसने अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमीम अंसारी ने 3 अक्टूबर को डौरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा स्कूटी से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वसीम की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली। इसके बाद भी काफी तलाश करने पर वसीम का कोई पता नहीं चला।
जंगल में गड्ढे में मिला कटा हुआ सिर
रिपोर्ट के बाद डौरा चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गुमशुदा वसीम अंसारी के भाई से सिर की पहचान और तस्दीक कराई गई, जिस पर उसने इसे वसीम अंसारी का सिर बताया।
अवैध संबंध का सामने आया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, मनबासो का मृतक वसीम अंसारी के साथ पूर्व से अवैध संबंध था।
कॉल कर प्रेमिका ने मिलने बुलाकर की प्रेमी की हत्या
घटना वाले दिन 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने मोबाइल से फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया था। वसीम के पहुंचने के बाद पूर्व योजना के तहत मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि अपराध की सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर हत्या में शामिल आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
सोनू खैरवार (30 वर्ष) निवासी ग्राम कोटडीह, पस्ता थाना।
मनबासो (25 वर्ष) निवासी ग्राम कोटडीह, पस्ता थाना।





