नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन अपनी आगे की रणनीति तय करने की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार (22 अक्टूबर 2026) की शाम गठबंधन के नेताओं की ऑनलाइन बैठक होगी. ANI के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी.
पिछले हफ्ते, ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर हो रहा विरोध प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था. 12 अक्टूबर को, विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ मिलकर ‘लोकतंत्र के लिए मार्च’ (मार्च फॉर डेमोक्रेसी) निकाला था. इस दौरान रास्ते में भारी बैरिकेडिंग की गई थी. साथ ही, चुनाव सूची के SIR के खिलाफ एक संयुक्त याचिका भी दायर की गई, जिसमें चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया.
बड़े स्तर का विरोध प्रदर्शन
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की डिमांड को लेकर 12 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विपक्ष ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था. इस प्रोटेस्ट में अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने भाग लिया था.
इसके बाद 13 अक्टूबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने घर पर ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया था. बैठक के बाद, विपक्षी गठबंधन ने अपना विरोध जारी रखने और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ इस लड़ाई को उसके सही अंजाम तक ले जाने का संकल्प लिया था.
विपक्षी दलों के अलावा CJP लगातार ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग कर रही है. इंडिया ब्लॉक के नेता सीजेपी के प्रोटेस्ट को लगातार सपोर्ट कर रहे हैं, जिसमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव ममता बनर्जी भी शामिल हैं.




