रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश का अलर्ट है।
![]()
इस दौरान 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण हिस्से में इसका असर ज्यादा दिख सकता है, ऐहतियातन जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले के सभी स्कूलों में कर दी गई है। दुर्ग और धमतरी के स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है।
वहीं, कल यानी 29 अक्टूबर को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से ही प्रदेश में चक्रवात का असर देखने को मिला रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को बादल छाए रहे, जिसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। वहीं रात को भी ठंडी हवाएं चलती रही।
बता दें कि, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से टकराया। लैंडफॉल की प्रोसेस करीब तीन घंटे तक चली। लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड गति 125-135kmph रही।
तूफान का आज ज्यादा असर
मौसम विभाग ने आज (28 अक्टूबर) दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई
कल उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अलर्ट
29 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बौछारें पड़ सकती हैं
रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
शहर में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सबसे गर्म अंबिकापुर, न्यूनतम तापमान भी यहीं सबसे कम
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी अंबिकापुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश स्थानों पर मौसम ड्राई रहा।




