Home » कोरबा » कोरबा: सड़क हादसे दो लोगों की मौत के बाद गेवरा-टीपर मार्ग पर प्रदर्शन, लोगों ने तख्तियां लेकर कार्रवाई मांगी; 15 दिन का अल्टीमेटम

कोरबा: सड़क हादसे दो लोगों की मौत के बाद गेवरा-टीपर मार्ग पर प्रदर्शन, लोगों ने तख्तियां लेकर कार्रवाई मांगी; 15 दिन का अल्टीमेटम

कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा इलाके में गेवरा-टीपर मार्ग पर हुए हादसे में दो लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

लोगों का आरोप है कि हादसे की वजह निर्माण कार्य में लापरवाही और यातायात की सही व्यवस्था न होना है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कुसमुंडा टीआई को ज्ञापन सौंपा।

कुचेना अंडरब्रिज की बदहाल व्यवस्था पर ग्रामीणों का आरोप

अमरजीत सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कुचेना अंडरब्रिज का निर्माण इरकॉन कंपनी ने कराया है। इसकी संकरी और घुमावदार बनावट से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। पहली बारिश में अंडरब्रिज में पानी भर गया और सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए।

ज्ञापन के मुताबिक, मरम्मत के नाम पर 2 नवंबर की शाम बिना सूचना दिए मार्ग बंद कर दिया गया। इसके बाद दोपहिया और छोटे वाहनों को भारी वाहनों के साथ गेवरा-टीपर मार्ग से गुजरना पड़ा।

ग्रामीणों ने 3 नवंबर को इरकॉन के अधिकारी आदित्य रघुवंशी और ठेकेदार से मिलकर दोपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग मांगा था।

ज्ञापन में कहा गया है कि कोई व्यवस्था नहीं की गई। अगले दिन, 4 नवंबर को हुए हादसे में संजय कंवर और सीमा पटेल की मौत हो गई।

 - Dainik Bhaskar

वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग

ग्रामीणों ने इरकॉन के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और तुरंत वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की है।

उन्होंने अंडरब्रिज के समानांतर दूसरा अंडरब्रिज बनाने, पर्याप्त रोशनी और जल निकासी के लिए नाली बनाने की मांग भी की है। घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा दर्पण और लक्ष्मण नाला बायपास मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को 15 दिन का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर क्षेत्रवासी रेल परिवहन ठप करने के लिए आंदोलन करेंगे।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram