Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर: गोपाष्टमी पर अग्रसेवा गौशाला में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब, दो महत्वपूर्ण सेवा स्थलों का दानदाता परिवारों द्वारा किया गया लोकार्पण

रायपुर: गोपाष्टमी पर अग्रसेवा गौशाला में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब, दो महत्वपूर्ण सेवा स्थलों का दानदाता परिवारों द्वारा किया गया लोकार्पण

रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण एवं गौ माता के प्रति प्रेम, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक पावन पर्व गोपाष्टमी 17 नवंबर 2026, मंगलवार को अग्रसेवा गौशाला, ग्राम तर्रा में अत्यंत हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अग्रसेवा सोसायटी एवं गौशाला के आजीवन सदस्यों, दानदाताओं, गौभक्तों तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे गौ माता को स्नान कराकर, उनका सुंदर श्रृंगार एवं तिलक करने के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सामूहिक गौ पूजन से हुआ। गौ माता को पुष्प, अक्षत, गुड़ एवं हरा चारा अर्पित कर आरती की गई। उपस्थित गौभक्तों ने गौ माता के चरणों में नमन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। गौशाला प्रांगण में स्थापित भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन कर सवामणी का भोग लगाया गया। भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत गौ माता एवं श्रीकृष्ण के मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इसी पावन स्मृति में मनाया जाने वाला गोपाष्टमी पर्व गौ माता के प्रति प्रेम, सम्मान एवं सेवा का संदेश देता है।

दो महत्वपूर्ण सेवा स्थलों का दानदाता परिवारों द्वारा लोकार्पण

इस पावन अवसर पर गौशाला में दो महत्वपूर्ण सेवा स्थलों का लोकार्पण संबंधित दानदाता परिवारों द्वारा किया गया।
गौ आशियाना-6 का निर्माण स्व. अर्णव अग्रवाल की स्मृति में श्री रामकुमार मदनलाल अग्रवाल (चांदी वाले), रायपुर द्वारा कराया गया। वहीं सप्त गौ माता पूजन एवं परिक्रमा धाम का निर्माण स्व. श्री हरीशचंद्र अग्रवाल की स्मृति में श्री चिमनलाल अग्रवाल द्वारा कराया गया।

विशेष बात यह रही कि गोपाष्टमी के अवसर पर पहली बार इस परिक्रमा धाम में सात गौ माताओं का विधिवत पूजन कर इस नई परंपरा का शुभारंभ किया गया। दोनों सेवा स्थल दानदाता परिवारों की गौसेवा के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति को सेवा के माध्यम से चिरस्थायी बनाने का प्रेरणादायी उदाहरण हैं।

51 विशेष सहयोगियों के सहयोग से गौ माता को 56 प्रकार का छप्पन भोग

महोत्सव का विशेष आकर्षण 51 विशेष सहयोगियों के सहयोग से गौ माता के लिए आयोजित छप्पन भोग रहा। इस अवसर पर गौ माता के लिए 56 प्रकार की सामग्री जो गौ माता को प्रिय है, अर्पित की गई, जिसमें हरी सब्जियां, भाजी, भीगी हुई दाल, फल, खली, नेपियर घास, चोकर सहित उनके लिए उपयोगी एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी। सभी सामग्री श्रद्धापूर्वक गौ माता को अर्पित की गई। उपस्थित गौभक्तों ने गौशाला के अन्य गौ आश्रय शेडों (स्थल)में जाकर गौ माताओं को रोटी, गुड़, हरी सब्जियां एवं छप्पन भोग की सामग्री भी खिलाई।

विशाल भंडारे में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

कार्यक्रम में सुबह से पहुंचे गौभक्तों एवं श्रद्धालुओं के लिए संचालन समिति की ओर से स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। वहीं आसपास के सभी गांवों को आमंत्रित कर विशाल आम भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे प्रारंभ हुआ भंडारा शाम 6:30 बजे तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

अग्रसेवा सोसायटी के अध्यक्ष श्री कैलाश अग्रवाल ने बताया कि गोपाष्टमी केवल धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं, बल्कि गौ माता के प्रति प्रेम, करुणा और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिवस है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें गौसेवा की प्रेरणा देता है। अग्रसेवा सोसायटी का प्रयास है कि गौसेवा को केवल पूजा तक सीमित न रखकर गौ माता के भोजन, चिकित्सा, संरक्षण एवं सुरक्षित आश्रय के रूप में निरंतर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी दानदाता परिवारों, आजीवन सदस्यों एवं गौभक्तों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

अग्रसेवा गौशाला संचालन समिति के अध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने बताया कि गौशाला का उद्देश्य प्रत्येक आश्रित गौ माता को उचित आहार, उपचार, सुरक्षित आश्रय एवं बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना है। गोपाष्टमी पर नए सेवा स्थलों का लोकार्पण, सप्त गौ माता पूजन, छप्पन भोग एवं विशाल भंडारे में समाज की सहभागिता गौसेवा के प्रति बढ़ती जागरूकता और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी दानदाताओं, गौभक्तों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया।

गोपाष्टमी का यह भव्य आयोजन गौसेवा, श्रद्धा, समर्पण एवं सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बना। दिनभर गौशाला परिसर भगवान श्रीकृष्ण एवं गौ माता के जयकारों से गूंजता रहा।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram