कोरबा। कोरबा में जेंजरा बाईपास के पास बबूल के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। युवक की जेब से 19 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से लिए गए 50 लाख रुपए, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और कर्ज के साथ लेनदारों के दबाव से परेशान होने की बात लिखी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह के शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल खोला था, लेकिन स्कूल नहीं चल पाया और उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद से वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था।
सुसाइड नोट में कर्ज से परेशानी का जिक्र
पुलिस को युवक की जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है। इसमें नौकरी लगाने के नाम पर 50 लाख रुपए लेने और कर्ज से परेशान होने की बात लिखी है। नोट के मुताबिक, शिवचरण ने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था। कोरोना काल में बिचौलिए की मौत हो गई, जिसके बाद पैसे फंस गए। इसके बाद शिवचरण पर कर्ज बढ़ता गया।
कर्ज देने वाले बना रहे थे दबाव
सुसाइड नोट में लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। इसमें मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी का भी जिक्र है। चर्चा है कि सुसाइड नोट की मूल कॉपी कोरबा एसपी को भेजी गई है। इसमें कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब भी लिखा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें कर्ज और आर्थिक परेशानी की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लिखी बातों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो पाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।




