रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर के पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। जांच एजेंसी ईडी ने दोबारा रिमांड नहीं मांगी। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सौरभ चंद्राकर 2 दिसंबर तक जेल में रहेगा। वहीं, इस केस की जांच छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों तक पहुंचने की खबर है। बुधवार को पुलिस अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया था।
ED के अधिकारियों ने सौरभ से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेश में मौजूद कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम किस रास्ते से विदेश पहुंची और इस नेटवर्क में किन लोगों की क्या भूमिका रही।
ED की जांच में अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। एजेंसी करीब 2000 करोड़ रुपए जब्त या फ्रीज कर चुकी है। वहीं करीब 3500 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की गई है। इसमें लगभग 1800 करोड़ रुपए की विदेश में स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियां भी अटैच की गई हैं।
ED इस मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ 6 अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस केस में ED की ओर से गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी है।




