न्यूयॉर्क। अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है।
55 साल के निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप कबूल कर लिए थे।
शुक्रवार को सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल ने कोर्ट में पन्नू से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए का अफसोस है और वे इसे बदल नहीं सकते।
न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।

निखिल ने कहा- पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं
निखिल ने कोर्ट में करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।
इसके बाद उन्होंने पन्नू की तरफ देखकर कहा, “मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे अफसोस है।”
बात करते हुए निखिल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि उन्होंने कुछ नहीं किया।

पन्नू बोला- 1200 दिन से सामान्य काम नहीं कर पाया
सुनवाई के दौरान पन्नू ने भी कोर्ट में अपनी बात रखी। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वे 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य तरीके से वकालत का काम नहीं कर पाए हैं।
पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। इस दौरान जज ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने को कहा, ताकि सुनवाई आगे बढ़ाई जा सके।
सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों के पुतले थे। सुनवाई के दौरान पन्नू भी कोर्ट में मौजूद थे। उनके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी आए थे।
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल
कोर्ट ने निखिल को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया। जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उनके खिलाफ अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी।
निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि वे अदालत से कम सजा की उम्मीद कर रहे थे।
ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, 2023 में गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इसमें विकास यादव भी शामिल था।
आरोप है कि यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यादव ने गुप्ता के जरिए उस व्यक्ति को हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी। 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे।
भारत सरकार ने आरोपों को खारिज किया
इस मामले में पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा भी दायर किया है। पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे।
13 नवंबर को न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत ने इस मुकदमे से जुड़े समन और दूसरे दस्तावेज भारत की अदालतों के जरिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। अजीत डोभाल के लिए पटियाला हाउस और सामंत गोयल के लिए द्वारका और तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई है।
हालांकि, गुप्ता की वकील किर्शनर ने कहा है कि पन्नू का यह मुकदमा गुप्ता के आपराधिक मामले से अलग है। इसका गुप्ता की सजा पर होने वाली सुनवाई से कोई लेना-देना नहीं है।
भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करता है। उन्होंने पन्नू के मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था।




