कोरबा। कोरबा में देवउठनी एकादशी की तैयारियों के बीच एक घर के आंगन में करीब 8 फीट लंबा अजगर पहुंच गया। सूचना पर जितेंद्र सारथी ने भारी बारिश में रेस्क्यू कर अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
घर में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक आंगन में करीब 8 फीट लंबा विशाल अजगर पहुंच गया। इतने बड़े अजगर को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और घर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को दी गई।
घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। लगातार बारिश को देखते हुए उन्होंने रेनकोट और गमबूट पहनकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यूअर देखिये यह तस्वीरें
अजगर काफी विशाल था। रेस्क्यू के दौरान वह खुद को बचाने के प्रयास में आक्रामक हो रहा था और हमला करने की कोशिश कर रहा था। ऐसी स्थिति में धैर्य, सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए जितेंद्र सारथी ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा।
इस दौरान घर के सदस्य छाता लेकर खड़े रहे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को देखते रहे। परिवार के लोगों को आशंका थी कि यदि समय रहते अजगर को नहीं पकड़ा गया तो वह घर के अंदर भी प्रवेश कर सकता है, जिससे कोई अप्रिय घटना हो सकती है। अजगर को देखने के लिए आसपास के पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए।
लगातार बारिश, फिसलन और अजगर के आक्रामक व्यवहार के बावजूद जितेंद्र सारथी ने सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान पूरा किया। बाद में अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित एवं सूखे स्थान की तलाश में घरों, आंगन, जूते-चप्पलों और वाहनों में पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं और न ही वन्यजीव को मारने या खुद पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।




