कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक 24 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने चार दिनों तक उसकी तलाश की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से सकुशल बरामद किया है।
युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलती थी। इसी दौरान उसकी बातचीत अहमदाबाद निवासी एक युवक से होने लगी। युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने बस में कर लिया। वह अहमदाबाद से कोरबा आया और युवती को अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार, युवती की मानसिक स्थिति थोड़ी ठीक नहीं है, जिसका फायदा उठाकर युवक ने उसे झांसे में लिया। युवती अपने पास मोबाइल भी नहीं रखती थी। काफी समय तक घर में नजर नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि युवती ऑनलाइन लूडो खेल के माध्यम से युवक के संपर्क में आई थी।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से युवती का स्थान ट्रेस किया। घटना के चार दिन बाद युवती को जयपुर से बरामद किया गया। युवक अहमदाबाद का रहने वाला है। उसने युवती को ले जाने के बाद ठीक से खाना-पीना भी नहीं दिया। युवक ने उसके पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी थी।
थाना प्रभारी का बयान और ऑनलाइन गेमिंग के खतरे
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज कर पतासाजी की जा रही थी। युवती को जयपुर से बरामद कर कोरबा लाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग के खतरों को उजागर किया है, जहां अनजान लोगों से दोस्ती युवतियों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।




