Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: स्कॉर्पियो ने महिलाओं को कुचला, 3 की मौत, भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

छत्तीसगढ़: स्कॉर्पियो ने महिलाओं को कुचला, 3 की मौत, भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

सरगुजा। अंबिकापुर में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने 3 महिलाओं को कुचल दिया, हादसे में तीनों की जान चली गई। हादसा रविवार शाम नेशनल हाईवे 130 स्थित भिट्ठीकला में हुआ है।

मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। महिलाएं सब्जी खरीदकर बाजार से लौट रही थी, तभी अचानक सामने से आई बेकाबू स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। गुस्साई भीड़ ने गाड़ी के ड्राइवर को खूब पीटा। इस दौरान नेशनल हाईवे पर जाम लग गया है।

महिलाओं को कुचलते हुए ट्रेलर से टकराई

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर की ओर से लखनपुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही स्कार्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874) ने भिट्ठीकला में 2 महिलाओं को पहले कुचल दिया और तेजी से आगे बढ़ी। तीसरी महिला को कुचलते हुए स्कार्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराकर रूक गई।

 3 महिलाओं की मौत, नेशनल हाईवे में जाम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्कार्पियो की टक्कर से घायल तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने स्कार्पियो से भाग रहे चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटा।

मौके पर लोगों की भीड़ लगी हुई है। उग्र भीड़ ने नेशनल हाईवे में जाम कर दिया है। मौके पर मणिपुर पुलिस ने पहुंचकर स्कार्पियो के चालक को अपने कब्जे में लिया और उसे तत्काल मणिपुर थाने भेज दिया। मौके पर पुलिस बल मामले को शांत करने की कोशिश में लगा हुआ है।

रविवार को भिट्ठीकला में साप्ताहिक बाजार लगता है। हादसे की शिकार महिलाएं सब्जी खरीदने बाजार आई थीं, और शाम को लौट रही थीं। महिलाओं की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram