मथुरा। मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलट गया। हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से घूमने आए थे।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना की मदद मांगी गई है।
स्थानीय 50 गोताखोर भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं। घायलों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका फ्री इलाज होगा। गाजियाबाद से NDRF की टीम भी वृंदावन आ रही है। जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
पर्यटक मनोहर लाल ने बताया- हम सभी जगराओं (लुधियाना) से आए हैं। तेज हवा चल रही थी। यमुना नदी के बीच में स्टीमर अचानक तेज हवा से डगमगाने लगा। स्पीड भी बढ़ गई। तभी स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया।
मौसम विभाग की बेवसाइड स्काईमेट के अनुसार, वृंदावन में अभी 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।



