कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लग गई। यह घटना सुतर्रा कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दे रही थीं।
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल वाहन मौके पर रवाना हुए। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन टायरों में लगी आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी उसकी चपेट में आ सकता था। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से ट्रेलर को सुरक्षित हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग के कारण मुख्य मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुँचकर भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।



