रायपुर । अभनपुर के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। नवापारा-अभनपुर मुख्य मार्ग स्थित बजरंगपुर टोल नाका के पास रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया।
इलाज के दौरान तोडा दम
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65) निवासी पारागांव, सुमित यादव (19) निवासी नवागांव (कुरूद, धमतरी) और दीपक पटेल (22) निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।
शव को पीएम के लिए भेजा, मर्ग कायम करके जांच जारी
पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।



