मुंबई। नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को एक अधिकारी ने बताया कि जिले के सिन्नर पुलिस स्टेशन में खुद को बाबा बताने वाले अशोक खरात के खिलाफ धोखाधड़ी का एक नया मामला दर्ज हुआ है। 55 साल का खरात एक मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख था। उसके पास महाराष्ट्र के कई बड़े नेता आते थे। पिछले महीने एक महिला ने उस पर तीन साल तक बार-बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने खरात पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) (विश्वासघात) और 318 (धोखाधड़ी) के तहत केस दर्ज किया है। नासिक और अहिल्यानगर जिलों में उसके खिलाफ अब तक यौन शोषण और धोखाधड़ी के 12 मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



