तेहरान। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में जारी क्षेत्रीय तनाव और उड़ान सेवाओं पर असर को देखते हुए भारतीय नागरिकों के लिए अहम यात्रा परामर्श जारी किया है। दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिक फिलहाल ईरान की यात्रा न करें, चाहे वह हवाई मार्ग से हो या जमीनी रास्ते से।
दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा कि भारत और ईरान के बीच कुछ उड़ानों के शुरू होने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन क्षेत्रीय हालात के कारण एयरस्पेस प्रतिबंध और परिचालन अनिश्चितताएं अभी भी बनी हुई हैं। इसका असर ईरान आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ रहा है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
भारतीय दूतावास ने यह भी दोहराया कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक जल्द से जल्द देश छोड़ने की प्रक्रिया शुरू करें। दूतावास ने कहा कि वहां रह रहे भारतीय नागरिक केवल निर्धारित जमीनी सीमा मार्गों से ही बाहर निकलें और यह पूरी प्रक्रिया दूतावास के समन्वय में करें, ताकि सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा सके।
एडवाइजरी में कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए किसी भी तरह की यात्रा योजना बनाने से पहले भारतीय नागरिक सतर्क रहें और दूतावास द्वारा जारी ताजा निर्देशों का पालन करें। किसी भी सहायता, जानकारी या मार्गदर्शन के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है।



