Home » कोरबा » कोरबा: डिवाइडर से टकरा कर पलटी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

कोरबा: डिवाइडर से टकरा कर पलटी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

कोरबा।  कोरबा- चांपा मार्ग पर ग्राम कोथारी और टोल प्लाजा के नजदीक एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार की स्पीड अधिक होने के कारण गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों मृतक कोरबा के बुधवारी काशीनगर बस्ती के निवासी थे और सभी लड़की की शादी के बाद चौथिया की रश्म निभाकर वापस लौट रहे थे।
घटना सोमवार देर रात्रि की है। कोरबा निवासी सोनी परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने चांपा गए थे। अर्धरात्रि लगभग 2 बजे वे कार से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान टोल नाका के आगे उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
कार में कुल छह लोग सवार थे। कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई, फिर अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और 2.5 वर्षीय मासूम प्रियांश की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद शेष सभी घायलों को तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया गया। देवेंद्र सोनी को जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया, जबकि मोंगरा सोनी और प्रियांश को बीडीएम अस्पताल चांपा लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घायलों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के निवास क्षेत्र व परिजनों,शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram