रायपुर।. प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आज भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 5 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की आशंका जताई है। कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।
शनिवार को भी कोंडागांव में दोपहर को तेज बारिश हुई। कोरबा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बिलासपुर और दुर्ग में तेज आंधी चली है। पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि बाकी हिस्सों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ।
राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अगले 24 घंटे तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
2 ट्रफ सिस्टम से बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल 2 ट्रफ लाइन सक्रिय हैं।
- पहला पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश से मणिपुर तक छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और दक्षिण असम होते हुए गुजर रहा है।
- दूसरा उत्तर-दक्षिण ट्रफ पश्चिम राजस्थान से लेकर तमिलनाडु के अंदरूनी हिस्सों तक फैला हुआ है।
इन्हीं सिस्टमों की वजह से प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा।
रायपुर में आंशिक बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 3 मई को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की आशंका जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



