Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: महापौर बोली- ‘ठेला हटाओ नहीं तो एक लगाऊंगी’, बीच सड़क दुकान लगाने पर भड़की; ट्रोल होने पर कहा- शब्द गलत थे, इरादा नहीं

छत्तीसगढ़: महापौर बोली- ‘ठेला हटाओ नहीं तो एक लगाऊंगी’, बीच सड़क दुकान लगाने पर भड़की; ट्रोल होने पर कहा- शब्द गलत थे, इरादा नहीं

दुर्ग । दुर्ग नगर निगम की महापौर अल्का बाघमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदारों को धमकाते नजर आ रही हैं।

वीडियो में उन्होंने गुपचुप वाले से कहा कि अभी के अभी ठेला हटाओ, एक लगा दूंगी मैं, मेरा हाथ उठ जाएगा, 10 बार समझा चुकी हूं। इस वीडियो की लोगों ने खूब आलोचना भी की, हालांकि बीच सड़क ठेला लगाने पर कुछ लोग सपोर्ट में भी आए।

वायरल वीडियो को लेकर महापौर अल्का बाघमार ने कहा कि वह बीच सड़क ठेला लगाता था, जिससे आवाजाही में परेशानी होती थी। बहुत बार कहने पर भी उसने ठेला किनारे नहीं किया। हो सकता है मेरे शब्द गलत हों, पर मेरे विचार गलत नहीं थे।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो 3 महीने पुराना है। शहर के कुंआ चौक इलाके में लंबे समय से ठेले-खोमचे वाले सड़क के बीच तक दुकान लगाते हैं। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है और कई बार ट्रैफिक भी डिस्टर्ब होता है। इसी को लेकर महापौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची थीं और दुकानदारों को हटने के लिए कह रही थीं।

महापौर बोली- मेरे शब्द गलत थे, इरादे नहीं

 एक बातचीत में महापौर अल्का ने कहा कि दुर्ग में कुआं चौक के पास आप देखेंगे तो रोड के बीच-बीच तक दुकाने लगाई जा रही है। मैं कई बार उनसे निवेदन कर चुकी हूं।

कई बार मेरे कर्मचारी भी उन्हें समझा चुके हैं। लेकिन वो मानने को तैयार नहीं। उसके बाद मैं गई थी। मैं महापौर होने के पहले एक इंसान हूं। हो सकता है मेरे शब्द गलत हों, पर मेरा विचार गलत नहीं था।

दुर्ग महापौर अल्का बाघमार ने कहा- अभी के अभी ठेला हटाओ, एक लगा दूंगी
दुर्ग महापौर अल्का बाघमार ने कहा- अभी के अभी ठेला हटाओ, एक लगा दूंगी

‘रोजी-रोटी नहीं दे रहे तो हम छीनेंगे भी नहीं’

महापौर ने कहा कि मैंने वहां पर दुकान लगाने वालों को बहुत समझाया है। फिर वही स्थिति हो गई है। कुआं चौक के पास जाने से पता चलेगा कि कहां तक वे घेर कर दुकान लगा रहे हैं। ये समझने वाली बात है। किसी की रोजी-रोटी हमको नहीं छीनना है।

उन्होंने कहा कि जब हम किसी को रोजी-रोटी दे नहीं रहे हैं, तो हम छीनेंगे भी नहीं। लेकिन उनको भी शहर की सुरक्षा और स्वच्छता का ध्यान रखना पड़ेगा।

सोशल मीडिया पर लोगों ने किया ट्रोल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग महापौर के शब्दों की आलोचना कर रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी भाषा की आलोचना की है तो कई लोगों ने शहर के बड़े व्यापारियों के कब्जों पर कार्रवाई न कर गरीबों को परेशान करने की बात कही है।

वहीं कुछ सोशल मीडिया हैंडलर्स ने लिखा है कि उनको पहले दुकान देना चाहिए, फिर उन्हें हटाना चाहिए। सोशल मीडिया पर इसको लेकर लगातार लोगों की ओर से विचार आ रहे हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram