तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि ईरान ने उसके खिलाफ 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे हैं। UAE रक्षा मंत्रालय ने X पर पोस्ट कर कहा कि सभी टारगेट्स को हवा में ही मार गिराया गया। हमले में 3 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इस दावे पर ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इसी बीच अमेरिका ने सीजफायर के बावजूद ईरान पर फिर बमबारी की। अमेरिका ने कहा कि ईरानी सेना ने उसके जंगी जहाजों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला किया था।
इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान ने डील नहीं की तो अमेरिका आगे भी हमले करेगा।
वहीं, ईरान का दावा है कि अमेरिकी हमले में सैन्य ठिकानों नहीं, नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज स्ट्रेट और चाबहार पोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में उसके तेल टैंकरों को निशाना बनाया।
ईरानी विदेश मंत्री बोले- हमारी मिसाइलें अभी खत्म नहीं हुईं
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि ईरान के मिसाइल भंडार खत्म हो चुके हैं।
अराघची ने कहा कि अमेरिकी CIA की इंटेलिजेंस गलत है। उन्होंने दावा किया कि ईरान का मिसाइल रिजर्व 120% पर है और देश अपनी जनता की रक्षा के लिए 1000% तैयार है।
अराघची ने X पर लिखा, “हर बार जब कूटनीतिक समाधान सामने आता है, अमेरिका सैन्य रास्ता चुनता है। ईरानी कभी दबाव में नहीं झुकेंगे।”
हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरानी सुरक्षा बलों और अमेरिकी जहाजों के बीच झड़प
ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में ईरानी सुरक्षा बलों और अमेरिकी जहाजों के बीच छिटपुट झड़पें हुई हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले एक घंटे के दौरान कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आए। हालांकि अब तक किसी नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है। ईरान पहले ही अमेरिका पर अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने और क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने का आरोप लगा चुका है।
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। खाड़ी देशों से निकलने वाला बड़ा हिस्सा तेल इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचता है।
ईरान बोला- अमेरिकी प्रस्ताव पर विचार कर रहे
ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका के ताजा प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है और उसके जवाब पर विचार जारी है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिका पर पिछली रात सैन्य कार्रवाई कर सीजफायर और अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का आरोप भी लगाया।
ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि वॉशिंगटन की सैन्य गतिविधियों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ाया है। बघाई ने कहा कि ईरानी सुरक्षा बल हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी आक्रामकता और दुस्साहस का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।



