नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण के तीसरे चरण की घोषणा की है। इसके तहत देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जाएगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, जनगणना के तहत चल रही गृह-सूचीकरण प्रक्रिया के साथ साझा जमीनी तंत्र को ध्यान में रखते हुए एसआईआर के तीसरे चरण का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। आयोग के अनुसार, एसआईआर के तीसरे चरण के दौरान 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।

यह पूरा कार्यक्रम मई 2026 से शुरू होकर दिसंबर 2026 तक चलेगा और अलग-अलग राज्यों में अंतिम मतदाता सूची सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच प्रकाशित की जाएगी।




