रायपुर। छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों में चिंता का माहौल है। D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग CGPSC की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की तिथियों में टकराव हो गया है। जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 8 जून 2026 को D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा रखी गई है। वहीं CGPSC मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून 2026 तक आयोजित हो रही है। इस टकराव के कारण अभ्यर्थी एक ही दिन दो अलग-अलग परीक्षाओं में शामिल होने की स्थिति में नहीं है औ यह संभव भी नहीं है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि CGPSC मुख्य परीक्षा का यह अवसर उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित बड़ी शिक्षक भर्ती के लिए D.El.Ed की परीक्षा पास करना अनिवार्य है। यदि 8 जून को परीक्षा नहीं दे पाए तो वे शिक्षक भर्ती की पात्रता खो देंगे, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।
प्रभावित अभ्यर्थियों ने सामूहिक रूप से शिक्षा मंत्री से मांग की है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) को निर्देश दिया जाए कि 8 जून को होने वाली D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा को स्थगित कर CGPSC मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद किसी अन्य तिथि पर आयोजित किया जाए। अभ्यर्थियों ने कहा, वर्षों की मेहनत के बाद CGPSC मुख्य परीक्षा का मौका मिला है। दोनों परीक्षाएं हमारे भविष्य के लिए निर्णायक हैं। प्रशासन से हमारा अनुरोध है कि इस टकराव को तुरंत सुलझाया जाए, ताकि कोई अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे।
अभी तक माध्यमिक शिक्षा मंडल या शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अभ्यर्थी जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अभ्यार्थियों द्वारा दिए गए आवेदन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव रेणु पिल्ले ने डेट आगे बढ़ाने से साफ इंकार कर दिया है।





