Home » ईरान युद्ध » ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रम्प वीकेंड प्रोग्राम कैंसिल कर व्हाइट हाउस लौटे, ईरान बोला- ‘दुश्मन की बेवकूफी का देंगे जवाब’

ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रम्प वीकेंड प्रोग्राम कैंसिल कर व्हाइट हाउस लौटे, ईरान बोला- ‘दुश्मन की बेवकूफी का देंगे जवाब’

तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने वीकेंड गोल्फ कार्यक्रम रद्द कर अचानक व्हाइट हाउस लौट आए हैं। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमलों की तैयारी कर सकता है। CBS न्यूज ने दावा किया है कि ट्रम्प प्रशासन संभावित नए हमलों की प्लानिंग पर विचार कर रहा है, हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी प्रशासन और सेना के कई सीनियर अधिकारियों ने भी अपने छुट्टी और हॉलिडे प्रोग्राम रद्द कर दिए हैं।

इसी बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने दावा किया कि ईरानी सेना दुश्मन की किसी भी बेवकूफी का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ईरान बोला- ट्रम्प के पास कोई और रास्ता नहीं

ईरान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रजा तलाए-निक ने ट्रम्प को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पास ईरानी जनता की मांगें मानने और ईरान के अधिकारों को स्वीकार करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

उन्होंने कहा कि चाहे युद्ध हो या बातचीत, दोनों हालात में अमेरिका और इजराइल के लिए यही एक रास्ता है। उनके मुताबिक अगर वे ईरान की मांगों को नहीं मानते, तो दोनों को नुकसान उठाना पड़ेगा।

ईरानी प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रम्प अमेरिकी राष्ट्रीय हितों को नजरअंदाज कर रहे हैं और पूरी तरह इजराइल के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ट्रम्प का अहंकारी रवैया अमेरिका को युद्ध के दलदल में और गहराई तक ले जाएगा।

ट्रम्प की बेटी को मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प को कथित तौर पर हत्या की धमकी दी गई थी। द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के समर्थक आतंकी ने इवांका को निशाना बनाने की प्लानिंग की थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने 32 साल के इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने इवांका की हत्या करने की कसम खाई थी।

आरोपी के पास इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट यानी नक्शा भी मिला था। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फ्लोरिडा इलाके का एक नक्शा पोस्ट किया था, जहां इवांका और जैरेड का करीब 24 मिलियन डॉलर का घर है।

उसने सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए लिखा था कि अमेरिका वाले यह समझ लें कि सिर्फ बड़ी सुरक्षा और सीक्रेट सर्विस से वे सुरक्षित नहीं रहेंगे। हम उन पर नजर रख रहे हैं और सही समय आने पर बदला लिया जाएगा।

ईरानी-अमेरिकी संगठन ने ट्रम्प से कहा- युद्ध नहीं, बातचीत का रास्ता चुनें

अमेरिका में मौजूद ईरानी-अमेरिकी संगठन NIAC ने राष्ट्रपति ट्रम्प से ईरान के साथ युद्ध बढ़ाने की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की है।

संगठन ने कहा कि अगर अमेरिका युद्ध को और बढ़ाता है, तो यह नैतिक, राजनीतिक और रणनीतिक तीनों स्तर पर गलत होगा। NIAC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बातचीत का रास्ता अभी भी खुला है।

यह बयान उस मीडिया रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें दावा किया गया था कि अगर ईरान के साथ समझौता नहीं हुआ तो ट्रम्प प्रशासन सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर सकता है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

  1. ईरान पर हमला ने करने की अपील- सऊदी अरब, UAE और कतर ने ट्रम्प से ईरान पर हमला न करने और युद्ध की जगह कूटनीति अपनाने की अपील की है।
  2. EU नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी में- यूरोपीय यूनियन (EU) होर्मुज स्ट्रेट बंद कराने के आरोप में ईरानी अधिकारियों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है।
  3. होर्मुज खोलने के लिए फ्रांस का प्रस्ताव- फ्रांस ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मिशन तैनात करने का नया प्रस्ताव तैयार किया है।
  4. पाकिस्तान सेना प्रमुख ईरान में- पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम कराने और समझौते पर चर्चा हुई।
  5. कतर की टीम तेहरान पहुंची- रॉयटर्स के मुताबिक, युद्ध खत्म कराने और बाकी विवाद सुलझाने के लिए कतर की एक टीम शुक्रवार को तेहरान पहुंची है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram