रायपुर । प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कोरबा, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेगीं और तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति 5 दिनों तक सेंट्रल पार्ट में रह सकती है।
इस बीच बिलासपुर में लू लगने से एक बुजुर्ग की मौत होने की आशंका है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। रायपुर शहर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 45°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रहने की संभावना है।
देश के कई हिस्सों में तापमान 45°C चल रहा है। इसमें अपच और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। ध्यान न देने पर ये प्रॉब्लम बड़ी हो सकती है। आज ‘जरूरत की खबर’ में जानेंगे कि खानपान, लाइफस्टाइल में बदलाव और घरेलू उपायों से एसिडिटी से निजात पाई जा सकती है।
18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और बालोद में अगले 24 घंटे हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोपहर में तेज गर्म हवाएं चलेंगी और तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
क्या होती है हीटवेव?
जब किसी इलाके में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा बढ़ जाता है और लगातार गर्म हवाएं चलती हैं, तो उसे हीटवेव या लू कहा जाता है। लंबे समय तक लू में रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बिलासपुर में 44° तापमान, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर में धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और शरीर हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है।
बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा सतर्क रहने कहा गया है। इमरजेंसी के लिए हेल्पलाइन नंबर 87706-64365 और 75870-38622 जारी किए गए हैं।
रायगढ़ में पंखे-कूलर भी पड़े बेअसर
रायगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। जिले का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे दिन में तपती धूप और रात में गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
बुधवार शाम हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली। हालत यह है कि पंखे और कूलर भी बेअसर नजर आ रहे हैं। धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।




