Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश में 5 दिन आंधी-बारिश की संभावना, 50-60KM की स्पीड से चलेगी हवा; कोरबा में पेड़ की डाल गिरने से 3 की मौत

छत्तीसगढ़: प्रदेश में 5 दिन आंधी-बारिश की संभावना, 50-60KM की स्पीड से चलेगी हवा; कोरबा में पेड़ की डाल गिरने से 3 की मौत

कोरबा । छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से अब राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है।

शनिवार को अचानक आए तूफान से कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े 3 युवकों पर भारी डाल गिर गई। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा रायपुर, सरगुजा, पेंड्रा में भी जमकर बादल बरसे।

कोरबा में पेड़ की डाली में दबकर 3 युवकों की मौत हो गई।
कोरबा में पेड़ की डाली में दबकर 3 युवकों की मौत हो गई।

पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2°C दर्ज किया गया।

50-60 किमी की स्पीड से चल सकती है हवा

मौसम विभाग ने रविवार के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने और बारिश की भी संभावना है। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पेंड्रा में तेज हवा से टीन शेड उड़ गया और एक पेड़ गिर गया था।
पेंड्रा में तेज हवा से टीन शेड उड़ गया और एक पेड़ गिर गया था।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। दिन के दौरान गरज-चमक, धूलभरी आंधी या बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मध्य पाकिस्तान से लेकर आंध्र प्रदेश तट तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है।

इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लेकर लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी स्तर पर एक दूसरी ट्रफ भी एक्टिव है। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं।

मौसम एक नजर में

  • पिछले 24 घंटे में तापमान 2-3 डिग्री तक गिरा।
  • अगले दो दिन में और 2-3 डिग्री गिरावट के आसार।
  • अगले 5 दिन आंधी, बिजली और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
  • कई इलाकों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • रायपुर में रविवार को आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram