Home » ईरान युद्ध » ईरान ने अमेरिका से सीजफायर वार्ता रोकी, होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद करने की तैयारी; लेबनान पर हमलों के विरोध में फैसला

ईरान ने अमेरिका से सीजफायर वार्ता रोकी, होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद करने की तैयारी; लेबनान पर हमलों के विरोध में फैसला

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरान ने अमेरिका के साथ सीजफायर वार्ता फिलहाल रोक दी है। ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, तेहरान ने कहा है कि जब तक लेबनान में इजराइली हमले नहीं रुकते, तब तक मध्यस्थों के जरिए अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान का कहना है कि लेबनान में शांति बनाए रखना सीजफायर की अहम शर्तों में शामिल था। लेकिन अब लेबनान समेत कई मोर्चों पर इस समझौते का उल्लंघन हो रहा है।

ईरान ने गाजा और लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकने और लेबनानी क्षेत्र से इजराइली सेना की पूरी वापसी की मांग की है। तेहरान का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर उसकी और उसके सहयोगियों मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक बातचीत दोबारा शुरू नहीं होगी।

तस्नीम की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान और उसके सहयोगी होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद करने और अन्य मोर्चों को एक्टिव करने के ऑप्शन पर भी विचार कर रहे हैं। इनमें लाल सागर के दक्षिणी हिस्से में स्थित बाब अल-मंदेब स्ट्रेट भी शामिल है।

ईरान ने कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं

अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि कुवैत में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर दागी गईं दो ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया।

सेना ने कहा कि दोनों मिसाइलों को तुरंत इंटरसेप्ट कर लिया गया। इस घटना में किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुकसान नहीं पहुंचा।

इस बीच ईरान ने अपने रुख का बचाव किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान को उन क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई का अधिकार।

ईरान-अमेरिका वार्ता रुकने से कच्चे तेल के दाम बढ़े

ईरान ने अमेरिका के साथ चल रही बातचीत रोक दी है। इसके बाद दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 6% बढ़कर 97 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। वहीं अमेरिकी कच्चा तेल (डब्ल्यूटीआई) लगभग 7.5% बढ़कर 94 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया।

दरअसल, बाजार को उम्मीद थी कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हो सकता है, जिससे क्षेत्र में तनाव कम होगा। लेकिन बातचीत रुकने की खबर के बाद यह उम्मीद कमजोर पड़ गई।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

  1. ब्यूफोर्ट किले पर इजराइल का कब्जा: इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले और आसपास की पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया। यह पिछले 26 साल में इजराइल की लेबनान में सबसे बड़ी घुसपैठ है।
  2. इमरजेंसी मीटिंग बुलाने की मांग: फ्रांस ने लेबनान में इजराइल की बढ़ती सैन्य कार्रवाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है।
  3. ट्रम्प बोले- ईरानी सेना के खिलाफ सख्त एक्शन नहीं: ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ने ईरानी सेना पर उतनी सख्त कार्रवाई नहीं की, जितनी वह दूसरे देशों की सेनाओं के खिलाफ करता रहा है।
  4. ईरान को अमेरिका पर भरोसा नहीं: ईरान ने कहा है कि जब तक यह भरोसा नहीं हो जाता कि उसके अधिकार पूरी तरह सुरक्षित हैं, तब तक अमेरिका के साथ किसी भी समझौते को मंजूरी नहीं दी जाएगी।
  5. अमेरिका ने ईरान जा रहे जहाज को रोका: अमेरिका ने ईरान की ओर जा रहे एक और मालवाहक जहाज को रोक दिया। 17 अप्रैल से अब तक अमेरिका 6 जहाजों को ईरान जाने से रोक चुका है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram