रायपुर । रायपुर में 4 साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना के करीब सात महीने बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी का बच्चे की मां से अवैध संबंध था और वह मासूम को अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से उसने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी।
आमानाका थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
पुलिस के मुताबिक 1 नवंबर 2025 को आमानाका क्षेत्र में रहने वाले 4 वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या का निकला। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में बच्चे की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि की थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
मां से थे अवैध संबंध
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जयदीप सिंह का मृतक बच्चे की मां से अवैध संबंध था। वह अक्सर उनके घर आता-जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने संबंधों में रुकावट मानता था। पुलिस के अनुसार इसी वजह से उसने बच्चे की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
7 महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी।
10 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




