कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित गणेश तालाब में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। तालाब की सफाई के दौरान 50 वर्षीय श्यामलाल सारथी जलकुंभी में फंसकर गहरे पानी में डूब गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने शव निकाला।
सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
कटघोरा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ठेकेदार और पंचायत कर्मियों से पूछताछ कर रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि सफाई के दौरान सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे । ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मजदूरों को बिना लाइफ जैकेट और रस्सी के तालाब में उतारा गया। पुलिस लापरवाही के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।
गणेश तालाब का महत्व
छुरी का गणेश तालाब क्षेत्र का एक प्रसिद्ध तालाब है। तालाब के बीच में गणेश मूर्ति स्थापित है, इसलिए इसे गणेश तालाब कहते हैं। हर साल गणेश उत्सव और अन्य धार्मिक आयोजनों में लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं। पंचायत ने तालाब की साफ-सफाई का ठेका दिया था। हालांकि, सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस हादसे का कारण बनी।




