Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: साइको किलर ने 3 महीने में 8 लोगों को मार-डाला; मजाक और छोटी-छोटी शिकायतों से नाराज होकर की हत्या

छत्तीसगढ़: साइको किलर ने 3 महीने में 8 लोगों को मार-डाला; मजाक और छोटी-छोटी शिकायतों से नाराज होकर की हत्या

बलौदा बाजार। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में 8 लोगों की सिलसिलेवार हत्या के मामले में बलौदाबाजार पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसाय जायसवाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी रामसाय जायसवाल ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए पूरी वारदात का सिलसिलेवार खुलासा किया है. एसपी ओमप्रकाश शर्मा ने आज प्रेस काँफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया.

पकड़ा गया 8 मर्डर करने वाला साइको किलर

दरअसल, 6 जून 2026 को SDOP कसडोल को ग्राम खर्वे के ग्रामीणों द्वारा फरवरी महीने से 14 मई तक गांव में 8 लोगों की संदेहास्पद मृत्यु होने के संबंध में आवेदन दिया गया, जिसमें उनके द्वारा गांव के ही व्यक्ति राम सहाय जायसवाल पर संदेह जताया गया था. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रारंभिक जांच शुरू की. प्रकरण में सभी 7 व्यक्तियों के शव निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर भेजा गया. डाक्टरों की टीम के द्वारा रायपुर स्थित मेडिकोलिगल संस्थान में विशेष टीम के द्वारा पोस्ट मार्टम कराया गया और फारेंसिंक जांच के लिए सभी व्यक्तियों का DNA विसरा अन्य सेंपल प्रिजर्व किया गया है. मृतकों में एक बुधराम जायसवाल के शव का उनके परिजनों द्वारा दाह संस्कार कर दिया गया था.

मामूली विवाद में बन गया हत्यारा

जांच के दौरान पुलिस के द्वारा प्रत्येक व्यक्तियों की मृत्यु संबंधित सूक्ष्मता से जांच की गयी. पुलिस की एक टीम जहां निरंतर ग्रामीण से पुछताछ कर सतत निगाह रखी हुई थी. वहीं इसके समानांतर दूसरी टीम इस घटना से संबंधित तकनीकी साक्ष्य जुटाने में प्रयास में लगी थी. इसी दौरान पुलिस टीम को जानकारी मिली की अभियुक्त ने गांव के किसी व्यक्ति से चूहा मारने की दवा के नाम पर जहर हासिल किया. संबंधित ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त से पूछताछ की गई. शुरू में उसने इंकार किया, लेकिन बारीकी से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया.

आरोपी ने अपने बयान में सभी मृतकों को पुरानी रंजीश, छोटी छोटी शिकायतें, गाली गालौज और चारित्रिक संदेह के साथ ही टोना-टोटका के चलते एक के बाद एक हत्या करना स्वीकार किया.

पुलिस की जांच में सामने आए 8 हत्याओं के सिलसिलेवार तथ्य
  1. सबसे पहले आरोपी ने चूहा मार दवा से अपना पहला निशाना कुत्ते को बनाया. कुत्ते पर सफल परीक्षण होने के बाद 6.02.2026 को पहला शिकार बद्री को बनाया, जो अक्सर अभियुक्त के साथ गाली गलौज और शराब पिलाने के लिए परेशान करता था, आरोपी द्वारा सुहागा (जहर) मिले शराब को पीने से बद्री की मौत हो गयी.
  2. पहले शिकार से मिली सफलता से अभियुक्त रामसहाय का आत्मविश्वास बढ़ने पर दूसरा निशाना बुठालु को 20.02.2026 को बनाया गया. बुठालु द्वारा समाज को गाली देने और पूर्व विधान सभा चुनाव के समय हुए विवाद को लेकर आरोपी द्वारा बुठालू को सुहागा मिला कर शराब पिलाने से मौत हो गयी.
  3. 12.03.2026 को छत्तु राम जो अभियुक्त की पत्नि पर बुरी नियत रखता था, जिसका बदला लेने के लिये शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने से छत्तुराम की भी मौत हो गयी.
  4. 20.03.26 को बुधराम, जिससे अभियुक्त के साथ जमीन लेन देन और सामाजिक रूप से रंजिश थी, ठीक उसी पैटर्न में शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर पिलाने से बुधराम की भी मौत हो गयी, जिसका दाह संस्कार किया गया है.
  5. लोगों को जहर देकर लगातार मारने की घटना और किसी को कोई शंका नहीं होने पर आरोपी द्वारा अगला शिकार विनोद कुमार को बनाया गया, जो अभियुक्त को लगातार गाली गलौज किया करता था, उससे बदला लेने के लिये सुहागा (जहर) मिलाकर शराब पीने के लिए आरोपी द्वारा दिया गया, जिसे पीने से विनोद कुमार की भी मौत 31.03.2026 को कसडोल अस्पताल में हो गई.
  6. अभियुक्त द्वारा सुहागा मिला हुआ शराब देकर पीने से गजानंद की 28/04/2026 को मौत हो गई. अभियुक्त को शंका थी कि गजानंद उन पर बैगा गुनिया करता था, जिससे वह कर्ज मुक्त नहीं हो पा रहा है, जीवन में सुख शांति नहीं आ पा रही है.
  7. अभियुक्त द्वारा चैतूराम से ₹50,000 कर्ज लिया गया था, जिसके ब्याज देने से निजात पाने के लिये चैतुराम को मारने की आरोपी द्वारा योजना बनाई गई. इसके बाद अभियुक्त रामसहाय के द्वारा गांव के चैतुराम को दिनांक 29.04.2026 को शराब में सुहागा मिलाकर दिया गया, जिसे पीने से चैतुराम की मौत हो गयी.
  8. 2023 में चुनाव के समय हुए पुराने झगड़ा विवाद मारपीट का बदला लेने और बीच बीच में ताने मारने की बात को लेकर 14.05.2026 को महेतरू राम को भी सभी लोगों की तरह शराब में सुहागा (जहर) मिलाकर आरोपी द्वारा दिया गया, जिसे पीने से महेतरू की भी मौत हो गयी.
  9. अभियुक्त ने 14.04.2026 को कार्तिक को सुहागा मिला शराब दे दिया था, जिसे पीने से कार्तिक की तबियत खराब होने से परिजनों ने इलाज के लिए भर्ती कराया था.

जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ जाता था. इसके बाद उसने गांव के ही एक व्यक्ति से जहर लिया और शराब में मिलाकर लोगों को पिला देता था, जिससे उनकी मौत हो जाती थी. आरोपी ने कुल 9 लोगों को जहर देने का प्रयास किया, जिनमें से 8 की मृत्यु हो गई और एक व्यक्ति बच गया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है: ओमप्रकाश शर्मा, पुलिस अधीक्षक

सभी घटनाओं के आधार पर अभियुक्त के विरूद्ध 8 हत्या एवं 1 हत्या का प्रयास कुल 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना कार्रवाई की जा रही है. प्रदेश के बहुचर्चित 8 व्यक्तियों की सुनियोजित हत्या और हत्या के प्रयास का मामला पुलिस टीम द्वारा उत्कृष्ट दक्षता, सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए, जटिल अपराध को सफल तरीके से सुलझाने में सफलता मिली है.

हत्या के पीछे की वजह

● प्रतिशोध की भावना और मानसिक कुंठा सहित छोटी-छोटी पुरानी रंजिशों के चलते की गई लगातार 8 हत्याएं की.

● अभियुक्त के द्वारा चूहा मारने की बात को लेकर जहर हासिल किया गया.

● शराब में जहर घोलकर अपने ही परिचितों को शराब देकर की गई सभी हत्याएं.

● जांच के दौरान 7 मृतकों का किया गया शव उत्खनन, 1 मृतक का परिजनों द्वारा किया गया था दाह संस्कार.

● किसी को शक न हो इसलिए आरोपी खुद मृतकों को अस्पताल ले जाने और उनके कफन-दफन में हुआ.

● अभियुक्त द्वारा प्रारंभ में किया गया पुलिस को गुमराह, पुलिस द्वारा गहन पुछताछ और सघन विवेचना के बाद अभियुक्त ने किया अपना गुनाह स्वीकार किया.

● पुलिस द्वारा कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए मुख्य आरोपी रामसहाय को अंततः गिरफ्तार किया गया.

● अभियुक्त के विरूद्ध थाना कसडोल में 8 हत्या एवं 01 हत्या के प्रयास का प्रकरण किया दर्ज किया गया.

Facebook
X
WhatsApp
Telegram