रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रही है, जिससे नई पात्र विवाहित महिलाओं को आवेदन करने का अवसर मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और आगामी दिनों में प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
यह पहल उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं या पात्र होने के बावजूद योजना की सूची में शामिल नहीं हो सकी थीं। नए पंजीयन के माध्यम से उन्हें भी योजना का लाभ मिलने का रास्ता खुलेगा। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।
पोर्टल शुरू होने के बाद इच्छुक महिलाएं निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर जल्द विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।




