Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश, घरों में घुटनों तक पानी भरा; अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश, घरों में घुटनों तक पानी भरा; अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। रविवार रात रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। रायपुर में आधे घंटे के भीतर ही 30 MM पानी बरस गया। इसके चलते कई इलाकों में जल भराव की स्थिति बन गई। टाटीबंध में घरों में घुटनों तक पानी भर गया।

शनिवार शाम भी आधे घंटे की बारिश से मंडी गेट, बीजेपी ऑफिस और रोहिनीपुरम कॉलोनी में पानी भर गया था। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश हुई है।

दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे प्रदेश में मानसून अब सक्रिय हो चुका है और अगले दो दिन मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

सूरजपुर के खड़गवा-गुडरूडांड गांव में बना पुल टूट गया। परिजनों ने बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए उफनती नदी पार कराई।

परिजन बच्चों को पीठ पर बैठाकर नदी पार कराते नजर आए।

वहीं, सक्ती जिले के सोंठी गांव में सड़क नहीं होने के कारण शव यात्रा कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरी। 1 किमी की दूरी तय कर शवयात्रा श्मशान पहुंची।

सबसे ज्यादा बारिश यहां हुई

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश बाड़े बचेली में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी, कोंटा, कुटारू, भैरमगढ़, थानखम्हरिया और बरमकेला में 60-60 मिमी बारिश हुई। वहीं मलखरौदा, कोहकामेटा, शिवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सारिया में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

रपटा में फंसी पिकअप, 20-25 लोग थे सवार

एक दिन पहले शुक्रवार को कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर तेज बहाव में 20 से 25 यात्रियों से भरी पिकअप फंस गई थी, जिन्हें ग्रामीणों ने महिलाओं और बच्चों समेत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

बिजली गिरने से किसान की मौत

इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। शुक्रवार को कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में खेत में काम कर रहे किसान धनीराम पटेल (75) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे एक दिन पहले सक्ती जिले में भी बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई थी।

रायपुर में आज का मौसम

रविवार को भी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram