Home » ईरान युद्ध » अमेरिका ने सीजफायर के बीच ईरान पर की एयरस्ट्राइक, 80 से ज्यादा ठिकानों को बनाया निशाना

अमेरिका ने सीजफायर के बीच ईरान पर की एयरस्ट्राइक, 80 से ज्यादा ठिकानों को बनाया निशाना

तेहरान। अमेरिका ने सीजफायर के बीच बुधवार तड़के ईरान पर एयरस्ट्राइक की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों को सटीक हथियारों से निशाना बनाया गया।

अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तीन जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई। वॉशिंगटन ने इन हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है

एयरस्ट्राइक में एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, तटीय रडार, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, एंटी-शिप मिसाइल सिस्टम, ड्रोन लॉन्च साइट्स और IRGC की 60 से ज्यादा सैन्य नौकाओं को निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया के मुताबिक, सीरिक, क़ेश्म द्वीप और बंदर अब्बास में कई धमाके हुए और कुछ जगहों पर आग लग गई।

ईरानी सेना ने इन हमलों को दोनों देशों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन बताते हुए कहा कि अमेरिका को इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

कुवैत और बहरीन में एयर रेड सायरन बजे

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कुवैत और बहरीन में बुधवार को एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी KUNA के मुताबिक, पूरे देश में सायरन सक्रिय कर दिए गए हैं।

वहीं, बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है। फिलहाल दोनों देशों ने सायरन बजाने की वजह या किसी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इराक के नजफ में खामेनेई की अंतिम यात्रा शुरू

इराक के नजफ में खामेनेई की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। पार्थिव शरीर को लेकर चल रहा वाहन अंतिम यात्रा के तय रूट की ओर रवाना हो चुका है।

ईरान बोला- अमेरिका ने समझौते की 5 शर्तें तोड़ी

ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिका पर समझौते की पांच शर्तें तोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि अमेरिका लगातार समझौते का उल्लंघन कर रहा है।

गालिबाफ के मुताबिक, अमेरिका ने होर्मुज में ईरान के अधिकारों में दखल दिया, लगातार सैन्य हमलों की धमकी दी, ईरानी तेल निर्यात पर प्रतिबंध फिर से लागू किए, दक्षिणी ईरान पर एयरस्ट्राइक की और लेबनान में जारी इजराइली सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram