Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे घुसी स्कूटी, 4 की दर्दनाक मौत; मृतकों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं

छत्तीसगढ़: सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे घुसी स्कूटी, 4 की दर्दनाक मौत; मृतकों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं

दुर्ग । दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार स्कूटी सवार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसे। हादसे में 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक 8 साल का बच्चा जख्मी है। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। घटना कुम्हारी थाना इलाके की है। सभी मृतक उतई के रहने वाले थे।

स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर बच्चों समेत 5 लोग सवार थे। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, यह हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाली सड़क पर हुआ है।

मामा के घर रायपुर जा रहे थे सभी

पुलिस के मुताबिक, भिलाई-3 निवासी अमृता निर्मलकर (28) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल पांच लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी जा घुसी।

हादसे में अमृता निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल है, जिसे एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक घायल बच्चे का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। घायल भावेश (8) को तत्काल अस्पताल भेजा गया है।

आरोप- हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था

इस बीच, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था। उनका कहना है कि पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त रही और हादसे के बाद तेजी नहीं दिखाई गई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram