रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तर हिस्से के कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। आज कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर चांपा, रायगढ़ और जशपुर में बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
लगातार बारिश से सूरजपुर के बिहारपुर क्षेत्र में बरगा नदी उफान पर है, जिससे आधा दर्जन से अधिक गांवों का मुख्य सड़क संपर्क टूट गया है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर रहे हैं और बाइक कंधे पर उठाकर ले जाने को मजबूर हैं।
तापमान की स्थिति
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.2°C बिलासपुर और पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर का मौसम
रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में अब भी 22% कम बारिश
छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार पूरे प्रदेश में एक जैसी नहीं है। 1 जून से अब तक प्रदेश में 348.5 मिमी (13.7 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 444.6 मिमी (17.5 इंच) बारिश होनी चाहिए थी।
यानी अब तक 22% कम बारिश हुई है और पूरा प्रदेश अभी भी सामान्य से कम वर्षा (डिफिशिएंट) श्रेणी में बना हुआ है।





