Home » ईरान युद्ध » जल्द खत्म हो सकती है अमेरिका-ईरान जंग, हूती विद्रोहियों का यमन में मिसाइल और ड्रोन अटैक, 30 सैनिकों की मौत

जल्द खत्म हो सकती है अमेरिका-ईरान जंग, हूती विद्रोहियों का यमन में मिसाइल और ड्रोन अटैक, 30 सैनिकों की मौत

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ जारी जंग जल्द खत्म हो सकती है। उन्होंने कहा कि बातचीत आगे बढ़ रही है।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ईरान के साथ संघर्ष अब ज्यादा लंबा चलेगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका के पास हथियारों की कोई कमी नहीं है और जरूरत के मुताबिक नए हथियार लगातार बनाए जा रहे हैं।

उधर, यमन की सेना ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जिसमें 30 सैनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। हूती विद्रोहियों ने अदन की खाड़ी में सऊदी तेल टैंकर डेजी पर मिसाइल हमला करने का भी दावा किया है।

यमन में गृहयुद्ध भड़कने का खतरा बढ़ा

यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बड़े हमले के बाद गृहयुद्ध भड़कने का खतरा बढ़ गया है। हूतियों ने पूर्वी यमन में सरकारी सेना के तीन सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया।

यह इलाका सऊदी समर्थित सरकार का मजबूत गढ़ माना जाता है और इसे हाल के वर्षों में हूतियों की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाइयों में गिना जा रहा है।

उधर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के मुताबिक, नजरान एयरपोर्ट पर हुए हमले में 11 नागरिक घायल हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हूती अब पूर्वी यमन में भी मोर्चा खोल चुके हैं। अगर तनाव इसी तरह बढ़ता रहा, तो देश एक बार फिर गृहयुद्ध की चपेट में आ सकता है।

होर्मुज में अमेरिकी-इजराइली जहाजों की एंट्री रोकने की तैयारी

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। संसद में ऐसा बिल पेश किया गया है, जिसमें अमेरिका, इजराइल और अन्य दुश्मन देशों के जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने का प्रस्ताव है। नियम तोड़ने वाले जहाजों पर उनके माल की कीमत का 20% तक जुर्माना लगाने का भी प्रस्ताव है।

कच्चा तेल फिर महंगा, ब्रेंट 82 डॉलर के पार

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर दिखने लगा है। गुरुवार को ब्रेंट क्रूड 3.83% की तेजी के साथ 82.49 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिकी WTI क्रूड 2.75% चढ़कर 77.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram