Home » कोरबा » कोरबा: बाथरूम में फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

कोरबा: बाथरूम में फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला नगर में गुरुवार देर रात 26 वर्षीय विवाहिता का शव घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। मृतिका की पहचान सुलोचना पटेल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

परिजनों के अनुसार, सुलोचना का शव बाथरूम में लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। परिजनों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुलोचना मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के धोघम गांव की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उसकी शादी उमेश पटेल से हुई थी। दंपती के दो बच्चे थे। इनमें एक बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि 6 साल की बेटी है। उमेश कुसमुंडा खदान में नीलकंठ कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करते हैं।

भाई ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

मृतिका के भाई सियाराम पटेल ने अपने जीजा उमेश पटेल पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। सियाराम के मुताबिक, सुलोचना ने फोन पर बताया था कि उसका पति किसी दूसरी महिला से बात करता है और उसके साथ मारपीट भी करता है। इसी आधार पर भाई ने सुलोचना की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

पति बोला- कोई विवाद नहीं था

वहीं, उमेश पटेल ने पत्नी की हत्या के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था और उन्होंने सुलोचना के साथ मारपीट नहीं की।

उमेश के मुताबिक, ड्यूटी पर जाने के दौरान सुलोचना ने उनसे कहा था कि ‘तुम हमको नहीं पाओगे’, लेकिन उन्होंने इसे मजाक समझा। उन्होंने दूसरी महिला से बातचीत के आरोपों को भी गलत बताया। शरीर पर मिले निशानों को लेकर उमेश ने कहा कि ये निशान 15 तारीख को बर्तन धोते समय चूड़ी लगने से आए थे।

दूसरे बच्चे को लेकर परेशान होने की बात कही

उमेश ने पुलिस को बताया कि सुलोचना एक और बच्चा चाहती थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण वह गर्भवती नहीं हो पा रही थी। उनके अनुसार, इस वजह से वह परेशान रहती थी।

पोस्टमार्टम के बाद जांच में जुटी पुलिस

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। विवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram