रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश की गतिविधियां जारी है । नदी -नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को कोरबा में 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तरी इलाकों के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। रायपुर समेत 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
कई जिलों में मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी की तेज रफ्तार से तेज हवा चलने और वर्षा की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव,रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 17 सेमी वर्षा कोरबा में हुई। इसके बाद कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, जबकि डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी वर्षा हुई। वहीं लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी, जबकि कुमरदा, बागबाहर, जनकपुर भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लवन, लैलूंगा, रघुनाथनगर, धमतरी, छुरिया, मैनपाट, डौंडी, माना-रायपुर-एपी, लटोरी, घरघोड़ा, करतला, केल्हारी, तमनार और मरीं बांग्ला देवरी में 3-3 सेमी वर्षा हुई। प्रदेश के अनेक अन्य स्थानों पर इससे कम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में बने अवदाब के प्रभाव से बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके चलते 18 अगस्त यानि आज उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर में बादल, गरज-चमक के साथ बारिश
रायपुर शहर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।
अंबिकापुर सबसे गर्म, दुर्ग सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2°C दुर्ग में रहा।
अगले दो दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।




