Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को फावड़े से काट डाला, रिश्तेदार के घर दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा; हत्या के बाद पति फरार

छत्तीसगढ़: पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को फावड़े से काट डाला, रिश्तेदार के घर दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा; हत्या के बाद पति फरार

सरगुजा।  जिले के बिसरपानी गांव में पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध था। पत्नि रिश्तेदार के घर अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी। एक कमरे में दोनों ने मिलकर शराब पी।

इसी दौरान पति वहां पहुंच गया। दोनों को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया। तीनों के बीच विवाद होने लगा। गुस्से में पति ने दोनों पर फावड़े से वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा किया। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, बिसरपानी गांव के दारापारा का रहने वाला बाबूलाल मझवार (35) मंगलवार शाम अपने खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी नईहारो मझवार (32) गांव के सोमारू मझवार के घर चली गई। वहां गांव का ही बेंजे बड़ा (35) भी पहुंच गया। दोनों घर के अलग बने एक कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे।

पत्नी को खोजते हुए रिश्तेदार के घर पहुंचा पति

रात करीब 8 बजे बाबूलाल मझवार अपनी पत्नी को खोजते हुए सोमारू मझवार के घर पहुंचा। वहां उसने पत्नी नईहारो को बेंजे बड़ा के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर बाबूलाल ने फावड़े से अपनी पत्नी और बेंजे बड़ा पर कई बार हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना देर रात कमलेश्वरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

हत्या के बाद पति फरार, तलाश जारी

बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर मैनपाट थाना प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा किया। अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद आरोपी बाबूलाल मझवार फरार है। बताया जा रहा है कि नईहारो और बेंजे बड़ा के बीच अवैध संबंध था। जिस घर में यह घटना हुई, वह बाबूलाल के करीबी रिश्तेदार का बताया जा रहा है।

घटना के समय नईहारो और बेंजे बड़ा नशे में थे। आरोपी बाबूलाल भी शराब के नशे में था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram