रायपुर। रायपुर में रैली, जुलूस, सार्वजनिक खेल मैदान में आयोजन, पंडाल या अस्थायी संरचना लगाने के लिए अब अनुमति पहले से लेनी होगी। नगर निगम ने इसके लिए संबंधित जोन कार्यालयों को अधिकृत किया है। इच्छुक व्यक्ति या संस्था कार्यालयीन दिनों में कार्यालयीन समय के दौरान संबंधित जोन कमिश्नर कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
7 दिन पहले देना होगा आवेदन
नगर निगम के मुताबिक, रैली-जुलूस या सार्वजनिक स्थान पर किसी आयोजन के लिए कम से कम 7 दिन पहले निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ संबंधित विभागों की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) भी जमा करनी होगी।
इन 4 विभागों की NOC जरूरी होगी:
अनुविभागीय दंडाधिकारी/राजस्व विभाग
पुलिस विभाग
जिला सेनानी, होमगार्ड एवं अग्निशमन विभाग
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता या सहायक अभियंता
जोन कार्यालय से मिलेगी अनुमति
छत्तीसगढ़ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के तहत नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सार्वजनिक खेल मैदान, आयोजन, पंडाल और अस्थायी संरचना से संबंधित अनुमति के लिए संबंधित जोन कमिश्नरों को अधिकृत किया है।
इसलिए रैली-जुलूस या किसी सार्वजनिक आयोजन के लिए लोगों को नगर निगम मुख्यालय के बजाय संबंधित जोन कार्यालय में आवेदन करना होगा।
रैली-जुलूस के बाद सफाई का शुल्क दोगुना
नगर निगम ने रैली-जुलूस के बाद सफाई व्यवस्था के लिए लिया जाने वाला शुल्क भी बढ़ा दिया है। मेयर इन काउंसिल की 23 सितंबर 2025 की बैठक के संकल्प और सामान्य सभा के 29 अक्टूबर 2025 के संकल्प के अनुसार अब प्रति आयोजन 1000 रुपए सफाई शुल्क लिया जाएगा। पहले यह शुल्क 500 रुपए था। यानी सफाई शुल्क को दोगुना कर दिया गया है।
निगम ने लोगों से समय पर आवेदन करने कहा
नगर निगम ने आयोजन करने वाले व्यक्ति और संस्थाओं से अपील की है कि अनुमति के लिए निर्धारित प्रारूप में समय पर आवेदन करें और सभी जरूरी NOC साथ में जमा करें। इससे आयोजन के दौरान अनुमति से जुड़ी किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।




