Home » कोरबा » कोरबा: हॉर्न बजाने पर भड़का हाथी, टैंकर की ओर दौड़ा, ड्राइवर-हेल्पर ने भागकर बचाई जान; हाईवे पर आधे घंटे तक लगा जाम

कोरबा: हॉर्न बजाने पर भड़का हाथी, टैंकर की ओर दौड़ा, ड्राइवर-हेल्पर ने भागकर बचाई जान; हाईवे पर आधे घंटे तक लगा जाम

कोरबा। कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में मंगलवार को एक दंतैल हाथी ने सड़क पार करते समय डीजल टैंकर का रास्ता रोक दिया। हाथी के सड़क पर आने से नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान वाहन चालकों में दहशत का माहौल रहा।

जानकारी के मुताबिक, डीजल टैंकर कटघोरा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी अचानक सड़क पर आ गया और टैंकर के सामने खड़ा हो गया। ड्राइवर ने हाथी को हटाने के लिए हॉर्न बजाया तो हाथी भड़क गया और टैंकर की ओर दौड़ने लगा।

हाथी को आता देख टैंकर पीछे लेने लगा चालक

हाथी को अपनी ओर आता देख ड्राइवर ने टैंकर को पीछे लेने की कोशिश की, लेकिन उसका पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। इसके बाद चालक और परिचालक टैंकर छोड़कर जंगल की ओर भाग गए और अपनी जान बचाई।

हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास घूमता रहा। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।

बताया जा रहा है कि इन दिनों इलाके में करीब 10 हाथियों का दल घूम रहा है। हाथी आसपास के खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने के लिए किसान रातभर जागकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं।

वन विभाग हाथियों की लगातार निगरानी कर रहा है। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर हॉर्न न बजाएं और उसे छेड़ने या उसके पास जाने की कोशिश न करें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram