नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मंगलवार को खेले जाने वाले मैच में खेलना मुश्किल है। टीम के गेंदबाजी सलाहकार एरिक साइमंस ने बताया कि धोनी टीम के साथ दिल्ली के लिए रवाना नहीं हुए हैं।
धोनी की हालत में सुधार
मुकाबले से पहले एरिक साइमंस ने कहा, ‘धोनी के बारे में कोई भी अपडेट देना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। वह अभी हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। जब वह पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे, तब वह खेलने के लिए तैयार होंगे और उन्हें खुद पता है कि वह खेलने के लिए कब तैयार होंगे। वह टीम के साथ यात्रा पर नहीं गए हैं।’
चेन्नई को हर मैच में दर्ज करनी होगी जीत
धोनी इस सीजन में एक भी मैच में नहीं खेले हैं। पांच बार की चैंपियन सीएसके नौ मैचों में चार जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है। चेन्नई को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बचे हुए मैचों में से कम से कम चार मुकाबले जीतने होंगे। सीएसके के लिए एक अच्छी बात यह रही है कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पिछले दो मैचों में रन बनाने में सफल रहे हैं। इनमें दो अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं।
गायकवाड़ के लिए क्या बोले साइमंस?
गायकवाड़ को ‘बल्लेबाजी की इस अफरा-तफरी भरी दुनिया का सर्जन’ बताते हुए साइमंस ने कहा कि इस दाएं हाथ के ओपनर ने अपनी लय फिर से पा ली है। उन्होंने कहा, ‘लीडरशिप ग्रुप को लेकर हमारी सोच एकदम साफ है और वह साफ तौर पर टीम का लीडर है। विकेट मुश्किल रहे हैं, और उसने उन पर डटकर मुकाबला किया है। मुझे लगता है कि यही एक बेहतरीन बल्लेबाज की असली पहचान है कि वह सिर्फ अच्छी विकेटों पर ही रन नहीं बनाता। मैंने हमेशा उसे बल्लेबाजी की इस अफरा-तफरी भरी दुनिया का ‘सर्जन’ कहा है।’




