Home » क्रिकेट » IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, अहमदाबाद में फाइनल, धर्मशाला और चंडीगढ़ में प्लेऑफ मुकाबले

IPL 2026 प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, अहमदाबाद में फाइनल, धर्मशाला और चंडीगढ़ में प्लेऑफ मुकाबले

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। अब टूर्नामेंट निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है, जहां सभी टीमों के बीच प्लेऑफ को लेकर जंग दिलचस्प हो गई है। ऐसे में सभी को इस बात का इंतजार था कि बोर्ड 70 लीग मैचों के बाद का शेड्यूल कब जारी करेगा। अब जब शेड्यूल जारी हो चुका है तो उससे ज्यादा चर्चा बंगलूरू से फाइनल की मेजबानी छीने जाने को लेकर हो रही है। बोर्ड ने बंगलूरू से फाइनल की मेजबानी लेकर अहमदाबाद को दे दी है। फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
IPL 2026: Schedule for IPL 2026 Playoffs announced; Ahmedabad to Host Final; Dharmshala, New Chandigarh
बंगलूरू का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम – फोटो : ANI
बंगलूरू से छीना गया फाइनल
पहले आईपीएल 2026 का फाइनल बंगलूरू में होना तय माना जा रहा था। बीसीसीआई ने अचानक स्थान बदलते हुए फाइनल अहमदाबाद को दे दिया। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने अपने बयान में कहा भी है, ‘बंगलुरु को मूल रूप से फाइनल की मेजबानी सौंपी गई थी, लेकिन स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ आवश्यकताओं के कारण, जो बीसीसीआई के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, स्थान को बदल दिया गया।’

यही बयान अब विवाद का कारण बन गया है, क्योंकि फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसी कौन सी शर्तें थीं, जिनकी वजह से बंगलूरू से मेजबानी वापस लेनी पड़ी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा है कि टिकट विवाद के कारण फाइनल की मेजबानी बंगलूरू से छीनी गई है। हालांकि फिलहाल सबसे बड़ी पहेली यही है कि बंगलूरू से फाइनल छिनना सिर्फ प्रशासनिक मामला था, या इसके पीछे कुछ और कहानी छिपी है?

तीन शहरों में होंगे प्लेऑफ मुकाबले
इस बार आईपीएल के प्लेऑफ तीन अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे। बीसीसीआई ने इसे विशेष परिस्थिति बताया है। बोर्ड ने कहा, ‘ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक वजहों आईपीएल 2026 प्लेऑफ इस सीजन तीन स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।’

 

प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल

क्वालिफायर-1

  • 26 मई: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला
  • इस मुकाबले में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें भिड़ेंगी। विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगा।

एलिमिनेटर

  • 27 मई: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर)
  • तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला। हारने वाली टीम बाहर होगी।

क्वालिफायर-2

  • 29 मई: न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर)
  • क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम बनाम एलिमिनेटर की विजेता टीम। जीतने वाली टीम फाइनल में और हारने वाली टीम बाहर।

फाइनल

  • 31 मई: नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
  • क्वालिफायर-1 की विजेता टीम और क्वालिफायर-2 की विजेता टीम के बीच सीजन का खिताबी मुकाबला।
आईपीएल 2026 प्लेऑफ की तारीख
मुकाबला तारीख स्थान
क्वालिफायर 1 26 मई धर्मशाला
एलिमिनेटर 27 मई न्यू चंडीगढ़
क्वालिफायर 2 29 मई न्यू चंडीगढ़
फाइनल 31 मई अहमदाबाद
Facebook
X
WhatsApp
Telegram