बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में निर्माण काम के दौरान प्लेटफार्म टूटने से हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी. मामले में सात महीने तक पुलिस की जांच चली. जांच के बाद सीपत पुलिस ने ठेकेदार कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सीपत क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में रहने वाले श्याम कुमार साहू (26) और प्रताप सिंह कंवर (22) सीपत एनटीपीसी के ठेका कंपनी गोरखपुर कंस्ट्रक्शन में ठेका श्रमिक थे. वे छह अगस्त 2025 की सुबह अपने साथियों संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा के साथ एनटीपीसी सीपत में काम करने गए थे. सभी मजदूर स्टेज-02 यूनिट-05 के पहले फ्लोर पर निर्माण कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक प्लेटफार्म का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. प्लेटफार्म गिरने से श्याम कुमार और प्रताप सिंह कंवर उसके नीचे दब गए. वहीं, उंचाई से गिरने के कारण संत कुमार, प्रिंस और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए. वहां मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. श्याम कुमार साहू को सिम्स बिलासपुर और प्रताप सिंह को अपोलो अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. इधर हादसे में घायल संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. पीएम के बाद श्याम कुमार और प्रताप सिंह कंवर के शवों को स्वजन को सौंप दिया गया.



