सरगुजा। अंबिकापुर में लिव-इन रिलेशन में रह रहे बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड ने बुधवार सुबह खुद का गला काट लिया। इससे बॉयफ्रेंड की मौत हो गई, जबकि गर्लफ्रेंड को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया कि बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड के बीच रक्षाबंधन में घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। गर्लफ्रेंड चाहती थी कि वह बॉयफ्रेंड को अपने घर लेकर जाए, लेकिन वह नहीं जाना चाहता था। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मोहन पैकरा (28) और महिमा सिदार (26) गांधीनगर में दयाल मंडल के घर में पिछले कुछ सालों से किराए पर रहते थे। सुबह महिमा बाथरूम गई थी। जब वह लौटी तो उसने मोहन पैकरा को खून से लथपथ हालत में तड़पते हुए देखा।
उसका गला कटा हुआ था और खून निकल रहा था। यह देखकर युवती ने भी खुद का गला काट लिया। आवाज सुनकर मकान मालिक दयाल मंडल मौके पर पहुंचा। इसके बाद उसने फौरन डायल- 112 की टीम को घटना की जानकारी दी।
जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक मोहन की मौत हो चुकी थी। वहीं, महिमा के गले से खून निकल रहा था। डायल 112 की टीम ने महिमा को तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
दोनों अलग-अलग दुकानों में करते थे काम
इधर, फोरेंसिक टीम की जांच के बाद पुलिस ने मोहन के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। इसके अलावा पुलिस ने चाकू बरामद कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों दुकानों में काम करते थे।
रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर हुआ था विवाद
महिमा ने बताया कि मोहन पैकरा ने चाकू से अपना गला काट लिया था। दोनों के बीच रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। महिमा उसे अपने साथ घर ले जाना चाहती थी, लेकिन मोहन नहीं जाना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि मोहन पैकरा दरिमा का रहने वाला था, जबकि महिमा सूरजपुर के कंदरई की रहने वाली है। दोनों लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। वे पिछले दो माह से गांधीनगर में किराए के मकान में रह रहे थे।




