Home » ईरान युद्ध » ईरानी मिसाइलों से थर्राया सऊदी स्थित अमेरिकी एयरबेस, कई एयरक्राफ्ट मार गिराने का दावा

ईरानी मिसाइलों से थर्राया सऊदी स्थित अमेरिकी एयरबेस, कई एयरक्राफ्ट मार गिराने का दावा

तेहरान। पश्चिम एशिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पिछले एक महीने से जारी भीषण जंग के बीच ईरान ने सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया है। ईरान ने दावा किया है कि इस हमले में अमेरिका के कई विमान तबाह हुए हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक, इस हमले में 6 बैलिस्टिक मिसाइलों और 29 खतरनाक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। सबसे हैरत की बात यह है कि इस हमले में वहां तैनात अमेरिका का सबसे आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल विमान ‘E-3 AWACS’ मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है।

दावा करते हुए ईरान ने कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं। तस्वीरों में दिख रहा है कि विशालकाय विमान का बीच का पूरा हिस्सा उड़ चुका है। इसके अलावा, विमानों में ईंधन भरने वाले रिफ्यूलिंग विमानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

कई अमेरिकी सैनिक घायल
ईरान का दावा है कि बदले की इस कार्रवाई में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। वहीं, दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस हमले पर खुलकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

पूरे पश्चिम एशिया में फैल रही है जंग की आग
28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के खिलाफ मोर्चा खोला था। इसके बाद से ही सऊदी अरब स्थित प्रिंस सुल्तान एयरबेस लगातार ईरान के निशाने पर रहा है। ईरान का दावा है कि उसने अमेरिका के एक MQ-9 रीपर ड्रोन को भी मार गिराया है और एक F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया है।

बताते चलें कि यह युद्ध अब तीन देशों तक सीमित नहीं रहा है। यमन के हूती बागियों ने भी इस्राइल पर मिसाइलें दाग दी हैं। वहीं, इस खूनी खेल में आम जनता बहुत बुरी तरह पिस रही है। कुछ दिन पहले ही मिनाब में एक गर्ल्स स्कूल पर मिसाइल गिरने से करीब 168 मासूम बच्चियों की मौत हो गई थी। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका और इस्राइल के ठिकानों पर ऐसे हमले जारी रखेगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram