तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का आज 24वां दिन हैं। अमेरिका में इजराइल के राजदूत येचिएल लीटर ने कहा है कि उनका देश तब तक मिलिट्री ऑपरेशन जारी रखेगा, जब तक ईरान को घुटनों पर नहीं ला दिया जाता।
उन्होंने साफ कहा कि इजराइल अब ऐसे देश के साथ नहीं रह सकता, जो लगातार उसे खत्म करने की बात करता है और मिसाइल हमले कर रहा है।
दूसरी तरफ ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि किसी भी हमले का जवाब मैदान में दिया जाएगा। अगर ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया गया, तो वह होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर सकता है, जिससे वैश्विक तेल सप्लाई पर बड़ा असर पड़ेगा।
ईरान जंग से जुड़ी 3 तस्वीरें…
अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनियाभर में अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें खास तौर पर मिडिल ईस्ट में ज्यादा सतर्क रहने को कहा गया है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि विदेश में रह रहे अमेरिकी नागरिक अपने नजदीकी दूतावास या कॉन्सुलेट की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
अमेरिका ने यह भी चेतावनी दी है कि उसके राजनयिक ठिकानों को निशाना बनाया जा चुका है और ईरान समर्थक समूह दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अमेरिकी नागरिकों से जुड़ी जगहों को निशाना बना सकते हैं।
ईरान कई शहरों में अमेरिका के खिलाफ मार्च निकाला गया
ईरान के कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरकर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ विरोध कर रहे हैं। यह जानकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने दी है।
रविवार को कर्मन शहर में लोगों ने देश के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई की तस्वीरें लेकर प्रदर्शन किया। इसी तरह के प्रदर्शन साउथ खोरासान, उर्मिया और अर्दबिल में भी प्रदर्शन हुए।
उग्रवादी ग्रुप की धमकी- अमेरिका 5 दिन में बगदाद दूतावास खाली करे
इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिका ने अपने ठिकानों पर हुए हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। अमेरिकी सेना ने अपने डिफेंस सिस्टम C-RAM की मदद से ड्रोन हमले को रोक दिया। इसके बाद अमेरिका ने इराक में ईरान समर्थित हथियारबंद समूहों पर हवाई हमले किए।
खतरे को देखते हुए अमेरिका और NATO ने बिक्ट्री बेस से अपने कुछ सैनिकों को थोड़े समय के लिए हटा लिया है। यह बेस बगदाद से करीब 20 किलोमीटर दूर है। हालांकि, इराक के उत्तर में अभी भी अमेरिकी सैनिक मौजूद हैं।
इस बीच, खतीब हिजबुल्लाह नाम के एक उग्रवादी ग्रुप ने अमेरिका को चेतावनी दी है। उसने कहा है कि अगर 5 दिनों के अंदर बगदाद में अमेरिकी दूतावास खाली नहीं किया गया, तो उस पर हमला किया जाएगा। यह दूतावास शहर के सबसे सुरक्षित इलाके ग्रीन जोन में है।
युद्ध के बीच तेल-गैस से ईरान की रिकॉर्ड कमाई
अमेरिका-इजराइल के साथ जंग को ईरान ने एक मौके में बदल दिया है। अमेरिका ने खार्ग आइलैंड के पास सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन ग्लोबल ऑयल संकट के डर से तेल टर्मिनल को सीधे निशाना नहीं बनाया। इसी का फायदा उठाते हुए ईरान ने खार्ग टर्मिनल चालू रखा और ‘घोस्ट फ्लीट’ के जरिए चीन को सप्लाई जारी रखी है।
इंटरनेशनलएनर्जी एजेंसी और S&P ग्लोबल के मुताबिक, ईरान रोजाना 1.7 से 2 मिलियन (17 से 20 लाख) बैरल तेल एक्सपोर्ट कर रहा है। देश के करीब 90% तेल का एक्सपोर्ट अभी भी खार्ग टर्मिनल से हो रहा है।
साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमले से एक्सपोर्ट प्रभावित हुआ, लेकिन गैस सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं हुई। रिपोर्ट है कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले विदेशी जहाजों से ईरान करीब 16.5 करोड़ रुपए प्रति जहाज ‘वॉर टैक्स’ भी वसूल रहा है।
दावा-ईरान ने हीट ट्रैकिंग मिसाइल से अमेरिकी F-35 को गिराया
ईरान ने 19 मार्च को दुनिया के सबसे एडवांस अमेरिकी फाइटर जेट F-35 को गिराने का दावा किया। ईरानी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अपने स्वदेशी ‘मजीद’ एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए इसे मार गिराया।
अगर यह सच है तो ईरान पहला ऐसा देश होगा जो ऐसा कर पाया है। F-35 फाइटर जेट को करीब दो दशकों से अमेरिकी सैन्य ताकत का सबसे बड़ा प्रतीक माना जाता रहा है। यह सबसे प्रीमियम फाइटर जेट है, जिसे खास तौर पर इस तरह बनाया गया है कि वह दुनिया के सबसे मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम में भी बिना पकड़े घुसकर हमला कर सके।
ईरान का दावा है कि उसने इस ‘अदृश्य’ माने जाने वाले जेट की कमजोरी पकड़ ली है। मजीद डिफेंस सिस्टम ने F-35 से निकली इंफ्रारेड यानी गर्मी को पकड़कर उसे निशाना बनाया गया। ईरान का कहना है कि F-35 भले ही रडार से बचने में सक्षम हो, लेकिन उसके इंजन से निकलने वाली गर्मी को पूरी तरह छिपाया नहीं जा सकता।
ईरान के खोर्रमाबाद में हवाई हमला, इलाके में ब्लैकआउट
ईरान के खोर्रमाबाद शहर में हवाई हमले के बाद एक इमारत पूरी तरह से ढह गई और आसपास के इलाके में ब्लैक आउट हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंधेरे के बीच लोकल लोग टॉर्च की मदद से मलबे में फंसे लोगों को खोज रहे हैं।
रिपोर्ट- दक्षिणी लेबनान में 7 इजराइली सैनिक घायल
इजराइल की वल्ला न्यूज के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान में ऑपरेशन के दौरान चार इजराइली सैनिक घायल हो गए। इसके अलावा, इसी इलाके में एक सैन्य यूनिट के पास ड्रोन हमले में एक और सैनिक घायल हुआ है।
वहीं, एक अलग घटना में उत्तरी इजराइल में वर्क एक्सीडेंट के दौरान दो और सैनिकों को चोटें आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सभी सातों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हॉर्मुज स्ट्रेट खोलने पर ट्रम्प-स्टार्मर की बातचीत
डोनाल्ड ट्रम्प और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने को लेकर बातचीत हुई है। ब्रिटिश पीएम ऑफिस के मुताबिक, दोनों नेताओं ने वैश्विक शिपिंग और ऊर्जा सप्लाई को सामान्य करने के लिए इसे जरूरी बताया।
अमेरिका ने बयान जारी कर कहा कि हॉर्मुज को खोलना ग्लोबल एनर्जी मार्केट में स्थिरता के लिए अहम है।
हालांकि, ईरान पर कार्रवाई शुरू होने के बाद ट्रम्प कई बार स्टार्मर की आलोचना भी कर चुके हैं। उन्होंने स्टार्मर को ‘विंस्टन चर्चिल जैसा नहीं’ बताया था। यह भी कहा था कि उन्हें युद्ध में मदद के लिए ब्रिटेन के एयरक्राफ्ट कैरियर की जरूरत नहीं है।
सऊदी अरब ने उत्तरी सीमा पर ड्रोन मार गिराया
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि देश की उत्तरी सीमा पर एयर डिफेंस सिस्टम ने एक ड्रोन को मार गिराया है। इससे पहले भी सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में कई ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया जा चुका है।



