कोरबा । कोतवाली पुलिस ने चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार वयस्क आरोपी राहुल यादव को कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं, पांच नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड लाया गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले सीतामढ़ी क्षेत्र में एक गिरोह ने बाइक पर चाकू लहराते हुए एक वीडियो बनाया था। इसका उद्देश्य आतंक फैलाना था। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं और ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती में डीजे की धुन पर चाकू लहराते हुए एक युवक पर हमला किया गया था। उस मामले में भी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की थी। पुलिस सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।



