रायपुर । अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर सहित छत्तीसगढ़ में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत हो गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लम्बी लाइनें हैं। सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी भी हो रही है।
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा समेत अन्य जिलों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है। उपभोक्ता धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच सर्वर भी ठप हो जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
फिलहाल ऑनलाइन और मिस्ड कॉल के जरिए गैस सिलेंडर बुकिंग भी बंद कर दी गई है। वहीं बुकिंग करने के बाद भी उपभोक्ताओं को करीब 10-12 दिनों बाद सिलेंडर की डिलीवरी मिलने की बात कही जा रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच राजधानी रायपुर में एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 350 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों में घरेलू (डोमेस्टिक) और कॉमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडर शामिल हैं।
इधर, बिलासपुर में भी किचन केयर और किराना स्टोर में छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच के दौरान गैस निकालने के उपकरण भी मिले। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 75 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।
गैस सिलेंडर किल्लत के बीच इलेक्ट्रॉनिक इंडक्शन की भी बिक्री में बढ़ गई है। व्यापारियों को कहना है कि इंडक्शन की बिक्री में 10 से 20% तक इजाफा हुआ है। वही पुराना स्टॉक होने की वजह से रेट में फिलहाल बढ़ोतरी नहीं है।
रायपुर के मालवीय रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक बाजार के व्यापारी अनिल शर्मा का कहना है कि इंडक्शन के साथ उसके बर्तनों की डिमांड भी बड़ी है। वहीं इंडक्शन का रेट 2000 रुपए से 4500 रुपए तक है। लोग ब्रांडेड कंपनी के इंडक्शन को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
रायपुर में 350 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त
रायुपर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने गुरुवार को अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान कई जगहों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जांच के दौरान धरसींवा विकासखंड के सेजबहार स्थित कमल होटल में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 14.2 किलोग्राम क्षमता के 8 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं बाबूलाल चिकन सेंटर में भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 3 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।
इसी तरह अभनपुर-नवापारा क्षेत्र में रवि ग्लास एंड प्लाइवुड में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पकड़ी गई। यहां से 14.2 किलोग्राम क्षमता के 26 घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम क्षमता के 2 व्यावसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम क्षमता के 4 सिलेंडर जब्त किए गए।
गैस एजेंसी की जांच में स्टॉक में बड़ा अंतर
इसके अलावा खाद्य विभाग की टीम ने कोरासी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी की भी जांच की, जहां रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर पाया गया। जांच में 14.2 किलोग्राम क्षमता के 101 भरे और 64 खाली घरेलू सिलेंडर और 19 किलोग्राम क्षमता के 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर कम पाए गए।
इस अनियमितता के चलते एजेंसी के गोदाम में उपलब्ध कुल 355 घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों को जब्त कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है। मामले में एलपीजी (वितरण और विनियमन) आदेश 2000 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर में किल्लत के बीच ब्लैकमार्केटिंग-जमाखोरी
बिलासपुर में कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद गैस सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग हो रही है। शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और किराना स्टोर में छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके से सिलेंडरों से गैस निकालने के उपकरण भी मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोनी क्षेत्र में एक मकान से 55 खाली गैस सिलेंडर मिले। यह मकान आरक्षक अजय सोनवानी के भाई सुनील सोनवानी का बताया गया है। जांच में सामने आया कि इस मकान को किराए पर लेकर शुभम किचन केयर के संचालक श्रवण साहू गैस सिलेंडरों का अवैध कारोबार कर रहा था।
वहीं सिरगिट्टी स्थित प्रीति किचन केयर में भी जांच के दौरान सिलेंडरों से गैस निकालने का उपकरण और वजन करने की मशीन बरामद की गई। इसके अलावा सिरगिट्टी में ही एक बंद दुकान से 61 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 21 घरेलू, 7 कमर्शियल और 33 छोटे सिलेंडर शामिल हैं।
स्कूल के पास सिलेंडर मिलने पर दुकान सील
अधिकारियों के अनुसार, जिस दुकान से सिलेंडर मिले उसके पीछे एक प्राइमरी स्कूल है। ऐसे में यहां गैस सिलेंडरों का भंडारण होने से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर दुकान को सील कर दिया है और संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
72 सिलेंडर जब्ती के बाद भी जारी कार्रवाई
मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इससे पहले बुधवार को भी 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे। लगातार हो रही कार्रवाई से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है।
सर्वर डाउन से गैस एजेंसियों में लंबी कतार
इधर, सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन गैस बुकिंग बंद है। इसके चलते शहर की गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जांजगीर-चांपा में कई होटलों पर छापेमारी
जांजगीर-चांपा जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू की है। खाद्य विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों में छापामार कार्रवाई कर जांच की।
इस दौरान कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग पाया गया, जिस पर विभाग ने गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जब्त किए। जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित होते हैं और उनका व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है।
विभाग को कई स्थानों से शिकायतें मिल रही थीं कि होटल और भोजनालयों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर भोजन तैयार किया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर खाद्य विभाग की टीम ने चांपा और जांजगीर क्षेत्र के कई होटलों और प्रतिष्ठानों में अचानक छापेमारी की।

होटलों में व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपयोग की जांच
कार्रवाई के दौरान, चांपा स्थित करणी भोजनालय, पंजाब हवेली रेस्टोरेंट, जलाराम भोजनालय और होटल सुमित इन की जांच की गई। इन प्रतिष्ठानों में व्यावसायिक गैस सिलेंडर का उपयोग पाया गया और संबंधित संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
होटल श्री गणेश में घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल, सामान जब्त
वहीं, स्टेशन रोड चांपा स्थित होटल श्री गणेश में ग्राहकों के लिए भोजन तैयार करने में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान होटल के संचालक राजेश तिवारी के कब्जे से दो घरेलू गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया गया।
जांजगीर में पराठा हाउस से गैस सिलेंडर-उपकरण जब्त
इसी तरह रेलवे स्टेशन चांपा के पास स्थित होटल सोना में भी घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए नाश्ता तैयार किया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने यहां से दो घरेलू गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया। होटल की संचालक प्रेमलता यादव के खिलाफ भी नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
जांजगीर शहर में भी जांच अभियान चलाया गया। यहां पराठा हाउस नामक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। जांच के दौरान, इस प्रतिष्ठान से दो गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे, दो प्रेशर रेगुलेटर और दो गैस पाइप जब्त किए गए।



