नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने राजनीतिक जीवन से जुड़े कई खुलासे किए हैं। इस किताब में उन्होंने 1999 की सरकार का भी जिक्र किया जो अटल बिहारी वाजपेयी की नेतृत्व में चल रही थी। इस सरकार के गिरने के बाद कांग्रेस ने सरकार बनाने की काफी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाई।
इस वाक्ये का जिक्र करते हुए सोनिया ने अपनी किताब में लिखा कि उस दिन उनका दिल बैठ गया था। सरकार बनाने के लिए मिला भरोसा जल्द ही टूटने लगा। अंदर से टूटने के बावजूद खुद को मजूबत दिखाना और पत्रकारों के तीखे सवालों का सामना करते वक्त वो क्या क्या सोच रही थी। आइए जानते हैं पूरा किस्सा।
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में पत्रकारों ने पूछे तीखे सवाल
सोनिया गांधी ने याद किया कि 1999 में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद, जब वह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में पत्रकारों के एक बड़े समूह के सामने जा रही थीं, तो उनका दिल भारी था। सरकार के लिए मिला समर्थन बिखर रहा था। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष राजनीतिक तनाव का जिक्र करते हुए लिखतीं हैं कि उस समय वह अपने सहयोगियों से घिरी हुई थीं और “अंदर से कांपने” के बावजूद आत्मविश्वास दिखाने की कोशिश कर रही थीं। पहली बार इतने सारे पत्रकारों के सामने थी। साथ में सहयोगी थे लेकिन हालात इसके उलट थे।
जयललिता के समर्थन वापस लेने से गिरी थी अटल सरकार
अटल बिहारी वाजपेयी सरकार से जब AIADMK प्रमुख जे. जयललिता ने अपना समर्थन वापस ले लिया था। उस वक्त की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने एक वैकल्पिक सरकार बनाने के लिए क्षेत्रीय और वामपंथी दलों के साथ बातचीत शुरू की। 543 सदस्यों वाली लोकसभा में सत्ता तक पहुंच बनाने के लिए 272 सीटों की जरूरत थी।
सोनिया गांधी ने बताया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 233 सांसदों को एकजुट कर लिया और बाकी दलों ने भी समर्थन का भरोसा दिया। उन्हें लगा कि अंत में जरूरी संख्या पूरी हो जाएगी, इसलिए राष्ट्रपति से मुलाकात की।
कांग्रेस नहीं बना पाई सरकार
पत्रकारों के तीखे सवालों पर उन्होंने माना कि वो जरूरी संख्या की पहुंच से काफी दूर हैं। सरकार बनाने की कोशिश अधूरी रह गई। उन्होंने बताया कि कुछ दल पीछे हट गए और काम अधूरा रह गया। इसके पीछे की वजह पर उन्होंने लिखा कि कई लोग प्रधानमंत्री बनने की ख्वाहिश लिए थे, जो पूरा नहीं हो सकता था।
हालांकि इस बीच उन्होंने अपनी दावेदारी पर कहा कि वो कभी पीएम नहीं बनना चाहती थीं। खुद प्रधानमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं होना और जरूरी संख्या तक नहीं पहुंचने की बीच भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को हटाने की कोशिश को उन्होंने जल्दबाजी माना।
20 सहयोगियों के साथ अटल ने की थी वापसी
इस तरह कांग्रेस वाजपेयी सरकार के गिरने के बाद कोई ठोस विकल्प पेश नहीं कर पाई। बाद में हुए चुनाव में 20 सहयोगियों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने वाजपेयी के नेतृत्व में सत्ता में वापसी की। हालांकि सरकार को गिराने के सवाल पर उन्होंने लिखा है कि “हमने उन्हें नहीं गिराया; बल्कि उनका गठबंधन ही टूट गया था।” उन्होंने लिखा, “मेरी आँखों में आँसू आ गए और मैं बैठक से बाहर आ गई। मैं पद और सत्ता हथियाने के लिए राजनीति में नहीं आई थी।”




